संभाजी महाराज पर आपत्तिजनक पोस्ट से मचा बवाल,लखनऊ की पूर्व पत्रकार पर मुकदमा। विवाद बढ़ा।

संभाजी महाराज पर आपत्तिजनक पोस्ट से मचा बवाल,लखनऊ की पूर्व पत्रकार पर मुकदमा। विवाद बढ़ा।

लखनऊ। छत्रपति शिवाजी महाराज के वीर पुत्र संभाजी महाराज पर आधारित हिंदी फिल्म ‘छावा’ को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है। लेकिन इस बीच लखनऊ की पूर्व पत्रकार काविश अजीज को फिल्म से जुड़े एक आपत्तिजनक पोस्टर साझा करना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर किए गए इस विवादित पोस्ट के कारण सामाजिक कार्यकर्ता दिव्या गौरव त्रिपाठी की शिकायत पर मड़ियांव थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट ने बढ़ाया आक्रोश

पूर्व पत्रकार काविश अजीज ने अपने @azizkavish नामक सोशल मीडिया अकाउंट से फिल्म ‘छावा’ के एक दृश्य को साझा करते हुए मुगल आक्रांता औरंगज़ेब को ‘Artist’ और खून से लथपथ संभाजी महाराज को ‘Art’ बताया। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर आक्रोश की लहर दौड़ गई और कई संगठनों ने इसे संभाजी महाराज का अपमान करार देते हुए विरोध दर्ज कराया।

पहले भी कर चुकी हैं विवादित टिप्पणियाँ

यह पहली बार नहीं है जब काविश अजीज किसी विवाद में घिरी हैं। इससे पहले भी वे महाकुंभ, हिंदू पर्वों और अन्य धार्मिक मुद्दों पर आपत्तिजनक टिप्पणियाँ कर चुकी हैं, जिसके चलते सोशल मीडिया पर भारी विरोध झेल चुकी हैं।

कानूनी शिकंजा: आईपीसी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

सामाजिक कार्यकर्ता दिव्या गौरव त्रिपाठी ने मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 353 (2) और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

क्या यह मामला और तूल पकड़ेगा?

संभाजी महाराज के सम्मान से जुड़ा यह विवाद अब सोशल मीडिया से निकलकर कानूनी दायरे में आ चुका है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे इस मामले में और क्या मोड़ आते हैं।

marketmystique
Recent Posts